सोमवार, 23 मई 2011

परिवर्तन का इतिहास बनाएगा ‘यूथ अंगेस्ट करप्शन’ – सुनील आम्बेकर

एबीवीपी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुनील आम्बेकर ने कहा है कि भ्रष्टाचार में संलग्न लोगों को कड़ी सजा होना जरूरी है लेकिन देश में प्रशासन, पुलिस तथा न्यायालय जैसी कई व्यवस्थाओं में होने वाली देरी से सामान्य व्यक्ति को भ्रष्टाचार का सामना करना पड़ता है सुनील आम्बेकर एबीवीपी द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्थाओं में कानूनी बदलाव की जरूरत है।

इस सम्मेलन के दौरान ही एबीवीपी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी मुहिम को तेज करते हुए यूथ अगेंस्ट करप्शन नामक एक नए फोरम की घोषणा भी की। ये फोरम भ्रष्टाचार के खिलाफ जनमत खड़ा करने का काम करेगा। सम्मेलन में देश भर से आए प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए सुनील आम्बेकर ने कहा कि सामाजिक कल्याण और विकास की कई योजनाओं के आर्थिक व्यवहार एवं परिणामों की कठोर समीक्षा करते हुए उसमें व्याप्त भ्रष्टाचार को प्राथमिकता से दूर करने की जरूरत है। यूथ अंगेस्ट करप्शन नाम का ये आंदोलन परिवर्तन का इतिहास बनाएगा।

दिन भर के इस सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में भारतीय नीति प्रतिष्ठान के निदेशक राकेश सिन्हा ने भ्रष्टाचार के सामाजिक-आर्थिक पहलू की विस्तार से चर्चा की। राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुनील आम्बेकर ने आंदोलन की भूमिका पर प्रकाश डाला जबकि सह संगठन मंत्री सुनील बंसल ने सम्मलेन में भ्रष्टाचार की समस्या और उसके समाधान पर देश भर से आए प्रतिनिधियों से चर्चा की। इस मौके पर एबीवीपी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जाने वाले आंदोलन का एजेंडा भी सार्वजनिक किया। 13 सूत्रीय इस एजेंडे में विदेश से काले धन की वापसी, भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़े कानून की बात को प्रमुखता से रखा है। साथ ही चुनाव सुधार, विकेंद्रीकरण और ई-गवर्नेंस की वकालत भी एबीवीपी के इस एजेंडे में प्रमुखता से रखी गई हैं।

राजस्थान से नाता रखने वाले राष्ट्रवादी कवि विनीत चौहान ने अपनी कविताओं से भ्रष्टाचार के विरुद्ध खड़ा होने के लिए युवा शक्ति का आवाहन किया। कार्यक्रम में भ्रष्ट कुलपतियों की सूची एबीवीपी के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री विष्णु दत्त शर्मा ने जारी की। यूथ अंगेस्ट करप्शन और एबीवीपी द्वारा भविष्य के कार्यक्रमों की योजना एबीवीपी के राष्ट्रीय सहसंगठन मंत्री सुनील बंसल ने रखी। इस मौके पर सह संयोजक डॉ. रश्मि सिंह ने युवाओं से इस मुहिम में भारी से भारी संख्या में जुड़ने का आवाहन किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें